भारत रत्न और तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे 93 वर्षीय अटल बिहारी वाजपेयी का आज शाम चार बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा.
वाजपेयी
का गुरुवार की शाम 5.05 बजे निधन हो गया. उनके निधन पर सात दिन के
राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई. दिल्ली समेत मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश,
राजस्थान, बिहार, झारखंड, पंजाब के सरकारी स्कूलों-कॉलेजों में छुट्टी का
ऐलान किया गया.वाजपेयी का पार्थिव शरीर कृष्ण मेनन मार्ग स्थित उनके आवास पर रातभर रखा गया. सुबह 9 बजे उनका पार्थिव देह भाजपा मुख्यालय ले जाई जाएगी.
दोपहर एक बजे अंतिम यात्रा शुरू होगी, जो राजघाट तक जाएगी जहां महात्मा गांधी के स्मृति स्थल के समीप उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
केरल में बाढ़ और बारिश से जुड़े हादसों में मरने वालों की तादाद बढ़कर 90 से अधिक हो गई है. इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य के कई ज़िलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है.
राज्य की संस्थाओं के साथ-साथ आर्मी, नौसेना, वायुसेना, कोस्ट गार्ड और एनडीआरएफ़ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं.
केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने ट्वीट किया कि 23 हेलीकॉप्टर के साथ 200 और नावें बचाव कार्य के लिए उतारी जाएंगी.
भारतीय सुप्रीम कोर्ट ने पहली बार नेशनल रजिस्टर ऑफ़ सिटिज़ंस (एनआरसी) से बाहर रखे गये लोगों का प्रतिशत में सटीक आंकड़ा मांगा है.
इस आंकड़े के विवादास्पद होने की आशंका के कारण कोर्ट ने एनआरसी के संयोजक से इसे एक 'सीलबंद लिफाफे' में देने को कहा है.
एनआरसी में असम में रहने वाले 40 लाख लोगों को शामिल नहीं किया गया है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि एनआरसी ये भी बताये कि किस ज़िले के कितने लोगों को इसमें नहीं रखा गया है.
कोर्ट ने इनकी नागरिकता की पुष्टि की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए समयसीमा बढ़ाने से भी इनकार कर दिया है. बेंच ने कहा कि फ़ॉर्म जमा करने का काम पहले से निर्धारित 30 अगस्त से 28 सितंबर तक जारी रहेगा.
अमरीका में कम से कम 350 समाचार संस्थानों ने राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के मीडिया पर हमले का सामना करने और स्वतंत्र मीडिया के पक्ष में एक अभियान शुरू किया है.
मार्थाज विनयार्ड टाइम्स, डलास मॉर्निग न्यूज, यांक्तन काउंटी ऑबजर्वर, बैंगोर डेली न्यूज़ समेत सैकड़ों अमरीकी समाचार पत्रों ने गुरुवार को देश में प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा के एक संयुक्त प्रयास में अपने-अपने अखबारों में खाली जगह छोड़े.
यह क़दम मीडिया के ख़िलाफ़ राष्ट्रपति के 'डर्टी वॉर' की राष्ट्रव्यापी निंदा के लिए बॉस्टन ग्लोब ने शुरू किया था. जिसमें हैशटैग एनेमीऑफ़नन का प्रयोग किया गया.
अख़बार ने अपने संपादकीय में ट्रंप पर आरोप लगाया, 'वह प्रेस की आज़ादी पर लगातार हमला कर रहे हैं. अमरीका की महानता सच बोलने के लिए प्रेस की आज़ादी की भूमिका है. अमरीकी होने के नाते प्रेस पर लोगों का दुश्मन होने का ठप्पा लगाना ख़तरनाक है.' ट्रंप पत्रकारों और ख़बरों की बराबर आलोचना करते रहते हैं. वह इनको कई बार फ़ेक न्यूज़ तक कह चुके हैं.
शुक्रवार से स्पेनिश लीग ऐसी पहली यूरोपीय फ़ुटबॉल लीग बन जाएगी, जिसका प्रसारण विशेष रूप से भारत में फ़ेसबुक पर लाइव किया जाएगा.
स्पेनिश लीग का प्रसारण भारत, भूटान, नेपाल, अफ़गानिस्तान, बांग्लादेश, मालद्वीप, पाकिस्तान और श्रीलंका में फ़ेसबुक पर मुफ़्त मिलेगा.
इसकी शुरुआत 17 अगस्त से हो रही है. 'ग्लोबल लाइव स्पोर्ट्स' कार्यक्रम में फ़ेसबुक के प्रमुख पीटर हुटोन ने इसकी जानकारी दी.
No comments:
Post a Comment